कम्प्यूटर बाबा के अवैध आश्रम में चला बुलडोजर, बाबा सहित छह लोगों को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश की सियासत और धर्म में अच्छी पैठ रखने वाले कंप्यूटर बाबा के अवैध आश्रम पर आज प्रशासन ने बुलडोजर चलवा दिया है। कमलनाथ की अगुवाई वाली पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में नदी संरक्षण न्यास के अध्यक्ष रहे कम्प्यूटर बाबा सहित सात लोगों को सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण ढहाए जाने के अभियान के दौरान एहतियातन गिरफ्तार कर लिया गया। इस बारे में बात करने पर पुलिस अधीक्षक महेशचंद्र जैन ने बताया कि इंदौर शहर से सटे जम्बूर्डी हप्सी गांव में बने कम्प्यूटर बाबा के अवैध आश्रम को प्रशासन की तरफ से ढहाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर कंप्यूटर बाबा और उनसे जुड़े छह अन्य लोगों को गिरफ्तार कर स्थानीय जेल भेज दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जांच में पाया गया था कि कम्प्यूटर बाबा के आश्रम परिसर में दो एकड़ सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा और निर्माण का पता चला था।

गौरतलब है कि कंप्यूटर बाबा का यह आश्रम 40 एकड़ से ज्यादा जमीन पर फैला हुआ है और मौजूदा समय में इसका मूल्य 80 करोड़ रुपए के करीब आंकी जा रही है। उन्होंने बताया कि इसको लेकर राजस्व विभाग ने कुछ दिन पहले आश्रम के कर्ता-धर्ताओं पर 2,000 रुपए का अर्थदंड भी लगाया था और उन्हें सरकारी जमीन से अवैध निर्माण हटाने को कहा था। अधिकारियों ने कहा कि नोटिस के बावजूद भी अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने आश्रम का सामान बाहर निकालकर अवैध निर्माण ढहाए जाने की कार्रवाई की। आश्रम ध्वस्तीकरण के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बलों को तैनात किया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण से मुक्त कराई गई जमीन पर गौशाला का निर्माण कराकर इसे धार्मिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। बता दें कि वैष्णव संप्रदाय से ताल्लुक रखने वाले कम्प्यूटर बाबा का असली नाम नामदेव दास त्यागी है। मात्र 15 महीने तक चल सकने वाली कमलनाथ सरकार ने उन्हें नर्मदा, क्षिप्रा और मन्दाकिनी नदियों के संरक्षण के लिए गठित न्यास का अध्यक्ष बनाया था। ज्ञात हो कि कम्प्यूटर बाबा ने राज्य की 28 विधानसभा सीटों पर तीन नवंबर को समाप्त हुए उप चुनावों से पहले साधु-संतों के साथ मिलकर ‘लोकतंत्र बचाओ यात्रा’ निकाली थी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के 22 बागी विधायकों को गद्दार भी कहा था।

आपको ये पोस्ट कैसी लगी नीचे कमेंट करके अवश्य बताइए। इस पोस्ट को शेयर करें और ऐसी ही जानकारी पड़ते रहने के लिए आप बॉलीकॉर्न.कॉम (bollyycorn.com) के सोशल मीडिया फेसबुकट्विटरइंस्टाग्राम पेज को फॉलो करें।

0/Post a Comment/Comments