सुशांत की मौत पर कृति और अंकिता को ट्रोल करने वालों पर भड़की टीवी एक्ट्रेस मुनमुन दत्ता, कही ये बात

बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत(Sushant Singh Rajput) की आत्महत्या की खबर ने सभी को सदमे में डाल दिया है। पुलिस को सुशांत का शव मुंबई के बांद्रा स्थित उनके फ्लैट से मिला। सुशांत के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर है। सुशांत के निधन के बाद से लोग सोशल मीडिया पर उनकी पूर्व गर्लफ्रेंड अंकिता लोखंडे और कृति सैनन को ट्रोल कर रहे थे। 

दरअसल, ट्रोलर्स इस बात से नाराज थे कि सुशांत की किसी भी पूर्व गर्लफ्रेंड ने एक्टर के निधन पर शोक क्यों नहीं प्रकट किया? लोगों के इसी रवैये से शो ‘तारक मेहता का उलटा चश्मा’ की एक्ट्रेस मुनमुन दत्ता नाराज नजर आईं। उन्होंने ट्रोलर्स को फटकार लगाते हुए लिखा कि, ‘जो औरतें सुशांत की जिंदगी से जुड़ी हुई थीं, लोग उन्हें निशाना बना रहे हैं।



एक्ट्रेस ने लिखा कि, ‘कोरोना महामारी ने सबसे अधिक फ्लेक्सिबल लोगों को भी प्रभावित किया है।  इसने कुछ गंभीर मानसिक समस्याओं को जन्म दिया है। पर मैं सोशल मीडिया पर हमारे मानवीय व्यवहार से अधिक हैरान हूं। कल से रिया चक्रवर्ती, कृति सेनन और अंकिता लोखंडे के लिए असंवेदनशील, आहत करने वाली और अश्लील टिप्पणी की जा रही हैं। यह दर्शाता है कि हमारा समाज कितना मंदा है और सोशल मीडिया पर कितने जहरीले लोग हैं’।




उन्होंने आगे लिखा कि, ‘सुशांत सिंह के परिवार के सदस्यों और करीबी दोस्त पहले से ही परेशान होंगे। ये लोग अपनी जहरीली टिप्पणियों से उन्हें और परेशान कर रहे हैं। ये जहरीले लोग कौन हैं? क्या आप उनमें से किसी से सुशांत के ज्यादा करीब थे? तुम उसे बस उसके काम से जानते थे। इन लड़कियों ने अपने जीवन के पल उनके साथ शेयर किए हैं। तो उन्हें मत सिखाओ कि कैसे दुख जताना है।
मुनमुन ने लिखा कि, ‘इस तरह के रवैये को पूरी तरह से अवैध और अपराध माना जाना चाहिए। क्योंकि लोग भूल जाते हैं कि मशहूर हस्तियां भी इंसान हैं। ऐसी असंवेदनशील और अश्लील टिप्पणियां लोगों के मानसिक रूप से प्रभावित करती है। सुशांत की मौत पूरे देश के लिए एक बहुत बड़ा आघात है।

बता दें कि, कल कृति सैनन और रिया चक्रवर्ती सुशांत सिंह राजपूत के आखिरी दर्शन के लिए  श्मशान पहुंची थी। इस दौरान दोनों बहुत ज्यादा इमोशनल नजर आईं। 

0/Post a Comment/Comments